
Chandauli News: पीडीडीयू नगर में नगर पालिका की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। यहां एक ही महिला के नाम से दो-दो मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर दिए गए। मामला सामने आने के बाद अधिशासी अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सफाई नायक को निलंबित कर दिया है और जांच सिविल अवर अभियंता को सौंपी गई है। 15 दिन के भीतर पूरी रिपोर्ट मांगी गई है।
कैसे खुला मामला?
नगर की सेंट्रल कॉलोनी निवासी सलेहा बीबी (60) की फरवरी 2023 में मौत हो गई थी। उनकी मृत्यु के बाद एक बेटे ने उसी महीने नगर पालिका से मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा लिया। लेकिन कुछ ही महीनों बाद, मई 2023 में उनके दूसरे बेटे ने भी उसी नाम से एक और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करवा लिया।
दोनों बेटों के बीच संपत्ति विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते एक बेटे ने करीब दो साल पहले दूसरे प्रमाणपत्र को रद्द करने की मांग की। तभी यह खेल सामने आया, लेकिन तत्कालीन अधिकारियों ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया।
नए प्रभारी ईओ ने निकाली फाइल
हाल ही में कार्यभार संभालने वाले प्रभारी ईओ राजीव मोहन सक्सेना ने विभागीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान जब फाइलें खंगाली गईं तो यह चौंकाने वाला मामला सामने आ गया। उन्होंने तत्काल जांच बैठाई। जांच में पाया गया कि सफाई नायक दाऊजी की ओर से आख्या दी गई थी, जिसके आधार पर प्रमाणपत्र जारी हुए।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी
अधिशासी अधिकारी राजीव मोहन सक्सेना ने कहा –
“प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने पर सफाई नायक को निलंबित कर दिया गया है। अब हर विभाग की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी और जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।”
बड़ा सवाल: कैसे जारी हो गए दो प्रमाणपत्र?
यह घटना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। क्या दस्तावेजों की सही जांच नहीं हुई? या फिर विभागीय लापरवाही ने पूरे सिस्टम की पोल खोल दी? मामले की रिपोर्ट आने के बाद ही असली जिम्मेदारों का पता चलेगा।
ALSO READ – कांग्रेस ने शेयर किया PM मोदी और उनकी मां का AI वीडियो, ऐसा क्या दिखाया कि मचा बवाल