Chandauli News: किसानों की दुर्दशा पर भड़के मनोज सिंह डब्लू, कहा- अब हैप्पी दशहरा होगा अधिकारियों के साथ चप्पल से

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: सैयदराजा से समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू नहर विभाग के अधिकारियों पर बुधवार को उस समय भड़क उठे, जब किसानों ने उन्हें बताया कि खेतों की धान की फसलें पानी के अभाव में सूखने लगी हैं। मौके पर पहुंचते ही पूर्व विधायक ने न केवल अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल उठाए, बल्कि सार्वजनिक मंच से हाथ में चप्पल उठाकर चेतावनी भी दे डाली।

किसानों की हालत देखकर भड़के पूर्व विधायक

दरअसल, पूर्व विधायक बुधवार को चारी गांव का दौरा करने पहुंचे थे। यहां किसानों ने शिकायत की कि कर्मनाशा नदी किनारे बने लिफ्ट कैनाल से पानी छोड़ा ही नहीं जा रहा है। किसानों ने बताया कि कैनाल पर चार मोटरें लगी हैं, लेकिन एक भी मोटर चालू नहीं है। इससे खेत सूखने की कगार पर पहुंच गए हैं और धान की पूरी फसल चौपट होने लगी है।

किसानों की पीड़ा सुनते ही मनोज सिंह डब्लू गुस्से में आ गए। उन्होंने कहा कि अगर तीन दिन के भीतर कैनाल से पानी नहीं छोड़ा गया, तो जिम्मेदार अधिकारियों से “चप्पल से बात” की जाएगी। गुस्से में पूर्व विधायक के बोल भी बिगड़ गए उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा- “अगर नहर में पानी नहीं आया तो अधिकारियों का हैप्पी दशहरा इसी चप्पल से होगा।”

पूर्व विधायक ने BJP पर लगाया उपेक्षा का आरोप

मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने 34 करोड़ रुपये की लागत से यह लिफ्ट कैनाल परियोजना शुरू कराई थी। इसका मकसद क्षेत्र के दो दर्जन गांवों तक सिंचाई की सुविधा पहुंचाना था। लेकिन चुनाव हारने के बाद भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना की अनदेखी की, जिसकी वजह से यह आए दिन खराब रहने लगी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अगर इसे ठीक से संचालित किया जाता तो आज किसानों को सिंचाई के लिए तरसना नहीं पड़ता। उन्होंने कहा, “अफसर और जनप्रतिनिधि अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह से संवेदनहीन हो चुके हैं।”

तीन दिन का अल्टीमेटम, गंभीर नतीजों की चेतावनी

पूर्व विधायक ने साफ चेतावनी दी कि अगर तीन दिन में लिफ्ट कैनाल चालू कर नहर में पानी नहीं छोड़ा गया, तो परिणाम गंभीर होंगे। उन्होंने कहा कि किसान अब चुप नहीं बैठेंगे और लापरवाह अधिकारियों से सीधे चप्पल से बात की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

ALSO READ – Chandauli News: चंदौली के बर्थरा में दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *