
Chandauli News: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुलहीपुर में शनिवार की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब ग्रामीणों ने एक होटल कम कैफे में संदिग्ध गतिविधियों का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। यह होटल SKY रूम्स कैफे नाम से संचालित है और स्थानीय लोगों का दावा है कि यहां हर रात नई-नई लड़कियों को बुलाया जाता है और देर रात तक संदिग्ध कामकाज चलता है। ग्रामीणों ने पुलिस पर भी संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का आरोप- हर रात आती हैं लड़कियां, पुलिस सब जानती है
स्थानीय निवासी राजेश यादव और विनोद सिंह ने बताया कि होटल में हर रात अलग-अलग गाड़ियां आती हैं और अजनबी लोग अंदर जाते हैं। हर रात यहां अलग-अलग लड़कियां आती हैं। एक ग्रामीण ने गुस्से में कहा- आसपास के लोगों को सब दिखता है, लेकिन पुलिस आंखें बंद किए बैठी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, होटल का एरिया संकरी गली में है जहां आमतौर पर परिवार रहते हैं। ऐसे में देर रात तक आने-जाने वालों की भीड़ ने इलाके में संदेह और असुरक्षा का माहौल बना दिया है।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
सूचना मिलते ही दुलहीपुर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हंगामे को शांत कराया। पुलिस ने होटल के कमरों का निरीक्षण किया और प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, महाबलपुर गांव के लोगों ने पहले भी इस होटल के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। चंदौली के पुलिस अधीक्षक (SP) आदित्य लांघे ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। स्थानीय पुलिस से रिपोर्ट मांगी गई है। अगर होटल में अवैध या संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि होती है तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ALSO READ – खल-बट्टे से कूंचकर-कूंचकर की पति की हत्या, फिर परिवार के सामने फूट-फूटकर रोई पत्नी