
Chandauli News: बिहार चुनाव से पहले शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदौली के सदर कोतवाली पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने सोमवार को भगवानपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक तस्कर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान 20 बोरों में भरी 540 लीटर अवैध देशी शराब और 5 पेटी बियर बरामद हुई। आरोपी ट्रेन के जरिए शराब को बिहार भेजने की तैयारी में था। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, संयुक्त पुलिस और आरपीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक तस्कर बड़ी मात्रा में शराब लेकर ट्रेन से बिहार जाने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने भगवानपुर नहर के पास घेराबंदी की और एक व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे 20 बोरों में विभिन्न ब्रांड की 60 पेटियां देशी शराब और 5 पेटी बियर मिलीं।
पकड़े गए आरोपी की पहचान संतोष कुमार, निवासी बारून थाना, औरंगाबाद (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह सरकारी दुकानों से फुटकर शराब खरीदकर उसे एकत्र करता है और फिर ट्रेन के माध्यम से बिहार पहुंचाता है, जहां चुनाव के दौरान इसकी भारी मांग रहती है। इससे उसे अच्छा मुनाफा होता है।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद चुनावी मौसम में तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी के चलते चंदौली पुलिस और आरपीएफ ने रेलवे मार्गों पर सख्त निगरानी और संयुक्त जांच अभियान चलाया हुआ है।
सदर कोतवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चुनाव से पहले शराब की अवैध आपूर्ति रोकने के लिए जिले की सीमाओं और रेलवे स्टेशनों पर निगरानी और कड़ी कर दी गई है।
ALSO READ – क्या है Zoho? जिस पर अब PMO और 12 लाख सरकारी कर्मचारियों के ईमेल हो गए हैं शिफ्ट!