
Bihar Chunav 2025: बिहार चुनाव 2025 अब अपने चरम पर है। सभी दल अपने-अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपनी पहली सूची जारी की है। इस सूची में 57 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। लेकिन खास बात यह है कि इस लिस्ट ने NDA गठबंधन के अंदर हलचल मचा दी है, क्योंकि इसमें वे चार सीटें भी शामिल हैं जिन पर चिराग पासवान की पार्टी LJP (रामविलास) दावा कर रही थी।
चार सीटों से शुरू हुआ टकराव
जिन चार सीटों पर जेडीयू और एलजेपी (रामविलास) के बीच विवाद है, वे हैं — सोनबरसा, मोरवा, एकमा और राजगीर। ये सीटें इसलिए अहम हैं क्योंकि 2020 विधानसभा चुनाव में इन चारों सीटों पर JDU के विधायक जीते थे। सोनबरसा सीट से विधायक रत्नेश सदा वर्तमान में राज्य सरकार में मंत्री हैं। बाकी सीटें भी जेडीयू के पुराने गढ़ मानी जाती हैं। इसी कारण नीतीश कुमार इन सीटों को अपने कोटे का हिस्सा मानते हैं और किसी भी कीमत पर छोड़ना नहीं चाहते थे।
BJP ने की थी सीटों की सिफारिश, लेकिन नीतीश नहीं माने
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा नेतृत्व ने सीट बंटवारे में समन्वय के तहत जेडीयू से इन चार सीटों (Bihar Chunav 2025) को चिराग पासवान की पार्टी के लिए छोड़ने को कहा था। हालांकि, जेडीयू ने इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया। दिलचस्प यह है कि विवाद बढ़ने से पहले ही चिराग पासवान ने इन चारों सीटों पर अपने प्रत्याशियों को सिंबल दे दिया था। भाजपा ने बीच में सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन चिराग अपने फैसले से पीछे नहीं हटे।
JDU ने चिराग को दिया करारा जवाब
अब इस राजनीतिक खींचतान के बीच, जेडीयू ने अपनी पहली ही लिस्ट में इन चारों विवादित सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं –
- सोनबरसा से: रत्नेश सदा
- मोरवा से: विद्यासागर निषाद
- एकमा से: धूमल सिंह
- राजगीर से: कौशल किशोर
इस फैसले ने गठबंधन में तनाव को और गहरा कर दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा इस विवाद में किसके पक्ष में खड़ी होती है। अपने पुराने सहयोगी नीतीश के या नए साथी चिराग के।
पहली लिस्ट में कई दिग्गजों को मिला मौका
- सराय रंजन से मंत्री विजय कुमार चौधरी
- आलमनगर से नरेंद्र नारायण यादव
- बिहारीगंज से निरंजन कुमार मेहता
- सिंघेश्वर से रमेश ऋषि देव
- मधेपुरा से कविता साहा
- महिषी से गंधेश्वर शाह
- कुशेश्वरस्थान से अतिरेक कुमार
NDA में सीट बंटवारे को लेकर नई सरगर्मी
एनडीए के अन्य घटक दल भी उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं। भाजपा ने 14 अक्टूबर की रात अपनी पहली लिस्ट में 71 प्रत्याशियों को टिकट दिया। वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने भी अपने छह उम्मीदवारों को सिंबल सौंप दिए हैं। लेकिन अब JDU की इस रणनीति से NDA के भीतर नया राजनीतिक समीकरण बनने के आसार हैं।
ALSO READ – UP Police Encounter: 8 साल में 15 हजार एनकाउंटर, 256 कुख्यात अपराधी ढेर, जानें पूरा आंकड़ा