
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से ठीक पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। पार्टी ने अनुशासनहीनता और बगावती रुख अपनाने वाले 27 नेताओं को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इनमें मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक और कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं। इस कार्रवाई से चुनावी माहौल में RJD के अंदरूनी हालात पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
RJD प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने बताया कि जिन नेताओं को निकाला गया है, उन्होंने या तो निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा या फिर पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशियों के खिलाफ प्रचार किया था।
सबसे बड़े नामों में शामिल हैं –
- छोटे लाल राय, विधायक (परसा, सारण)
- मोहम्मद कामरान, विधायक (गोविंदपुर, नवादा)
दोनों ही नेताओं ने 2020 के विधानसभा चुनाव में भारी मतों से जीत दर्ज की थी, लेकिन अब पार्टी अनुशासन तोड़ने के कारण बाहर कर दिए गए हैं।
पूर्व विधायकों की लंबी लिस्ट भी चौंकाने वाली है —
- राम प्रकाश महतो (कटिहार)
- अनिल सहनी (मुजफ्फरपुर)
- सरोज यादव (बड़हरा)
- अनिल यादव (नरपतगंज)
- गणेश भारती (पूर्व विधान परिषद सदस्य)
इसके अलावा, वरिष्ठ संगठन पदाधिकारी सुरेंद्र प्रसाद यादव (सारण) और अनिल चंद्र कुशवाहा (वैशाली) को भी निष्कासित कर दिया गया है। कुशवाहा पहले ही BJP में शामिल हो चुके हैं। महिला प्रकोष्ठ की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल, मोतिहारी की जिला अध्यक्ष पूनम देवी गुप्ता और कई जिला/ब्लॉक पदाधिकारी भी कार्रवाई की चपेट में आए हैं।
इससे पहले JDU ने भी अपने 16 बागी नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया था। दोनों प्रमुख दलों की यह सख्त कार्रवाई साफ संकेत दे रही है कि बिहार चुनाव से पहले पार्टी अनुशासन और एकजुटता सर्वोच्च प्राथमिकता बन गई है। बता दें, बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। RJD गठबंधन ने इस बार भी तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है।
ALSO READ – जनसुराज पार्टी ने उतारे सबसे ज्यादा नए चेहरे, बिहार चुनाव में पुराने नेताओं की छुट्टी!