
PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 नवंबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंच रहे हैं, जहां से वे वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह नई वंदे भारत ट्रेन पूर्वांचल से बुंदेलखंड के बीच तेज रफ्तार कनेक्टिविटी का नया अध्याय खोलेगी। इस मौके पर प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से देश की तीन अन्य वंदे भारत ट्रेनों को भी जनता की सेवा में समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी से खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस के साथ-साथ लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। यह भारतीय रेल के ‘आधुनिकता और तीव्रता’ की दिशा में एक और बड़ा कदम माना जा रहा है।
भभुआ रैली के बाद काशी आगमन
कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 7 नवंबर को बिहार के भभुआ में चुनावी सभा करने के बाद शाम करीब 5 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे मंडुआडीह (बनारस रेलवे स्टेशन) पहुंचेंगे, जहां से ट्रेन का औपचारिक उद्घाटन होगा। इस मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड चेयरमैन सतीश कुमार और पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री बरेका गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे।
वाराणसी से खजुराहो: 8 घंटे में 640 किमी की यात्रा
वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस को ट्रेन संख्या 26422/26421 के रूप में चलाया जाएगा। बनारस से प्रस्थान: सुबह 5:25 बजे, खजुराहो आगमन- दोपहर 1:10 बजे और वापसी- दोपहर 3:20 बजे खजुराहो से चलकर रात 11 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
यह ट्रेन विंध्याचल, प्रयागराज छिवकी, चित्रकूट धाम, बांदा और महोबा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। कुल दूरी 640 किलोमीटर होगी, जो 8 घंटे में अपना सफर तय करेगी।
594 यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधा
ट्रेन में 8 कोच हैं- 7 चेयर कार और 1 एक्जीक्यूटिव क्लास कोच। कुल 594 यात्री एक साथ यात्रा कर सकेंगे। एयर-सस्पेंशन तकनीक, ऑटोमैटिक दरवाजे, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली, रीक्लाइनिंग सीटें और बायो-वैक्यूम टॉयलेट्स जैसी सुविधाएं यात्रियों को प्रीमियम अनुभव देंगी।
वाराणसी से कुल कितनी वंदेभारत ट्रेन चलती है
- वाराणसी–नई दिल्ली-वाराणसी
- वाराणसी–देवघर-वाराणसी
- वाराणसी–मेरठ-वाराणसी
- गोमतीनगर–वाराणसी–पटना
- वाराणसी–रांची-वाराणसी
- वाराणसी–नई दिल्ली-वाराणसी
- वाराणसी–आगरा कैंट-वाराणसी
- वाराणसी–खजुराहो-वाराणसी
ALSO READ – हरियाणा के छोटे से गांव से सुप्रीम कोर्ट तक, जानिए कौन हैं देश के नए CJI जस्टिस सूर्यकांत
