देव दीपावली पर काशी आएंगे CM योगी, लेज़र शो और गंगा आरती का लेंगे आनंद

Spread the love & Share it

Varanasi Dev Deepawali

Varanasi Dev Deepawali: विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली का पर्व इस बार और भी भव्य रूप में मनाया जाएगा। पूरी काशी दिव्यता, भक्ति और रोशनी से जगमगाने को तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 5 नवंबर को काशी पहुंचकर इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बनेंगे।

दो दिवसीय दौरे पर काशी आएंगे मुख्यमंत्री

पुलिस प्रशासन के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांच नवंबर की दोपहर बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे पुलिस लाइन और फिर सर्किट हाउस जाएंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे। शाम को मुख्यमंत्री क्रूज से गंगा की लहरों पर सवार होकर देव दीपावली का नजारा देखेंगे और घाटों पर होने वाली भव्य गंगा आरती में शामिल होंगे। आरती के बाद वे श्रीकाशी विश्वनाथ धाम और बाबा काल भैरव के दर्शन-पूजन करेंगे। अगले दिन यानी छह नवंबर की सुबह सीएम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारियों का जायजा लेंगे और शाम को लखनऊ रवाना हो जाएंगे।

हर-हर शंभू की धुन पर थिरकेंगी रोशनी की लहरें

देव दीपावली की रात काशी का हर घाट भक्ति और रोशनी का संगम बनेगा। इस बार के आयोजन में आधुनिकता और परंपरा का सुंदर मेल देखने को मिलेगा। रात 8 बजे से शुरू होने वाला ग्रीन एरियल फायर क्रैकर शो करीब 10 मिनट तक चलेगा। “हर-हर शंभू, शिव तांडव, हे शिवा शिवा…” जैसे भजनों की धुन पर जब डमरू की थाप और सतरंगी रोशनी एक साथ गूंजेगी, तब घाटों का वातावरण भक्तिमय और जीवंत हो उठेगा।

गंगा पार रेती पर रंगीन आतिशबाजी

गंगा पार रेती का क्षेत्र इस बार रंगीन रोशनी से नहाया नजर आएगा। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के सामने एक हजार फीट लंबे स्ट्रेच पर फायर वन फायरिंग सिस्टम के जरिए कोरियोग्राफ आतिशबाजी होगी। ग्रीन क्रैकर शो 200 मीटर ऊंचाई तक रोशनी बिखेरेगा और गंगा के जल पर झिलमिलाती परछाइयों से पूरा दृश्य दिव्य प्रतीत होगा। इसके साथ ही लेजर शो गंगा के ऊपर के आसमान को रंग-बिरंगी किरणों से सजाएगा, जिससे पूरी काशी दिव्य स्वप्न लोक जैसी दिखेगी।

चेतसिंह घाट पर ‘काशी कथा’ का थ्रीडी शो

देव दीपावली की शाम चेतसिंह घाट पर 25 मिनट का ‘काशी कथा’ थ्रीडी प्रोजेक्शन मैपिंग व लेजर शो भी होगा। यह शो एक घंटे के अंतराल पर तीन बार (रात 8:15, 9:00 और 9:35 बजे) प्रस्तुत किया जाएगा। काशी कथा’ में दिखाई जाएगी- भगवान शिव-पार्वती विवाह की झलक, भगवान विष्णु के चक्र पुष्करिणी कुंड का प्रसंग, भगवान बुद्ध के धर्मोपदेश, संत कबीर और तुलसीदास की भक्ति परंपरा और महामना मदन मोहन मालवीय द्वारा स्थापित काशी हिंदू विश्वविद्यालय की गौरव गाथा। शंखनाद, डमरू की गूंज और रंगीन लेजर लाइट्स के संग यह शो काशी की आध्यात्मिकता और संस्कृति का अद्भुत अनुभव कराएगा।

ALSO READ – प्रधानमंत्री का वाराणसी दौरा: इन 6 जगहों पर होगा PM मोदी का भव्य स्वागत, छह स्तरीय होगी सुरक्षा व्यवस्था


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *