
UP voter list revision 2025: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और शुद्ध बनाने के लिए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने राज्य के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि एक पारदर्शी और मजबूत लोकतंत्र का निर्माण हो सके।
अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) वितरित कर रहे हैं। मतदाताओं से अनुरोध किया गया है कि वे इस फॉर्म को ध्यानपूर्वक भरें, हस्ताक्षर करें और समय पर BLO को वापस करें।
यदि किसी मतदाता के घर पर मौजूद न होने की स्थिति में, उनके परिवार का कोई वयस्क सदस्य सभी सदस्यों की जानकारी भरकर हस्ताक्षर सहित फॉर्म दे सकता है। जिन लोगों के हस्ताक्षरित फॉर्म BLO को मिल जाएंगे, उनके नाम आगामी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल कर लिए जाएंगे। यह ड्राफ्ट लिस्ट 9 दिसंबर 2025 को प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनके लिए दूसरा चरण 9 दिसंबर के बाद आयोजित किया जाएगा। इस चरण में संबंधित ERO या SDM कार्यालय द्वारा दस्तावेज़ी सत्यापन किया जाएगा। नागरिक अपनी पहचान और नागरिकता साबित करने के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, बिजली बिल जैसे वैध दस्तावेज़ प्रस्तुत कर सकते हैं।
वहीं, जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी है या जो स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर चले गए हैं, उनके परिवार के सदस्य “येलो फॉर्म” भरकर BLO को दे सकते हैं। इससे मृतकों और स्थानांतरित लोगों के नाम सूची से हटाए जा सकेंगे और नामावली को शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सकेगा।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, इस अभियान में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं ताकि मतदाता सूची अधिक सटीक और पारदर्शी बन सके। विभाग ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा, हर नागरिक का वोट लोकतंत्र की ताकत है। सभी मतदाता अपने फॉर्म समय पर भरें और सुनिश्चित करें कि उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल हो।
ALSO READ – Chandauli News: रेस्टोरेंट में बिल विवाद बना बवाल, होटल मालिक और बेटे ने की युवकों की पिटाई, FIR दर्ज