PM मोदी ने दिखाई चार नई वंदे भारत को हरी झंडी, बोले- वंदे भारत के नए रूट, विकास की नई दिशा

Spread the love & Share it

PM Modi flags off 4 new Vande Bharat

PM Modi flags off 4 new Vande Bharat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से देशवासियों को बड़ा तोहफा दिया। पीएम मोदी ने एक साथ चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को बनारस रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जैसे ही प्रधानमंत्री स्टेशन पहुंचे, पूरा परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। इस मौके पर स्टेशन पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

पीएम मोदी ने यात्रियों का अभिनंदन किया और कहा कि – नई वंदे भारत ट्रेनें आत्मनिर्भर भारत की रफ्तार और यात्रियों की सुविधा दोनों को नई ऊंचाई देंगी।

रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, ये ट्रेनें चार प्रमुख मार्गों — बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु — पर चलेंगी। इससे न सिर्फ यात्रा समय में कमी आएगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

बनारस-खजुराहो वंदे भारत: धार्मिक पर्यटन को नई दिशा

बनारस से खजुराहो जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस फिलहाल 8 कोच के साथ शुरू की गई है। यह ट्रेन सफर के दौरान विंध्याचल, प्रयागराज और चित्रकूटधाम जैसे तीन प्रमुख धार्मिक स्थलों से होकर गुजरेगी। मौजूदा विशेष ट्रेनों की तुलना में यह करीब 2 घंटे 40 मिनट का समय बचाएगी। खजुराहो, जो कि यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है, तक अब वाराणसी और प्रयागराज के यात्रियों की पहुंच पहले से आसान हो जाएगी।

लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत: पश्चिमी यूपी को जोड़ेगी रफ्तार से

लखनऊ से सहारनपुर तक की दूरी अब सिर्फ 7 घंटे 45 मिनट में पूरी होगी। यह ट्रेन सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर के यात्रियों के लिए वरदान साबित होगी। इसके साथ ही यह हरिद्वार और रुड़की के धार्मिक स्थलों तक भी आसान पहुंच प्रदान करेगी। रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आर्थिक जुड़ाव को मजबूत करेगी।

फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत: पंजाब-दिल्ली के बीच तेज़ कनेक्शन

फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत इस मार्ग की सबसे तेज़ ट्रेन होगी। यह सिर्फ 6 घंटे 40 मिनट में गंतव्य तक पहुंचेगी। यह ट्रेन फिरोजपुर, बठिंडा और पटियाला जैसे प्रमुख शहरों को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जोड़ेगी। इस सेवा से न केवल व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।

एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत: दक्षिण भारत की नई कड़ी

दक्षिण भारत के यात्रियों के लिए एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस एक नई सौगात साबित होगी। यह ट्रेन सिर्फ 8 घंटे 40 मिनट में यात्रा पूरी करेगी, जिससे 2 घंटे से अधिक समय की बचत होगी। यह रूट केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के प्रमुख आईटी और वाणिज्यिक केंद्रों को जोड़ेगा, जिससे इन राज्यों के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक जुड़ाव और मजबूत होगा।

ALSO READ – मोहम्मद शमी की मुश्किलें बढ़ीं, एक्स वाइफ ने सुप्रीम कोर्ट में मांगा ₹10 लाख महीना


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *