
Pratapgarh Drug Smuggler Case: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात नशा तस्कर राजेश मिश्रा के घर छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस को ऐसा मंजर देखने को मिला जिसने सभी को हैरान कर दिया। घर के हर कोने में नोटों से भरे बोरे, झोले और बक्से पड़े मिले। पुलिस ने जब गिनती शुरू की तो पता चला कि घर से करीब दो करोड़ रुपये नकद, 6 किलो गांजा और 577 ग्राम स्मैक बरामद हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरा कैश 100, 50 और 20 रुपए के नोटों में था। नोटों की इतनी बड़ी मात्रा देखकर पुलिसकर्मी हाथ से गिनते-गिनते थक गए, जिसके बाद चार मशीनें मंगाकर काउंटिंग शुरू कराई गई। यह पूरी प्रक्रिया लगभग 24 घंटे तक चली।
एसपी दीपक भूकर के नेतृत्व में चार टीमें और 22 पुलिसकर्मी इस पूरे ऑपरेशन में शामिल थे। तलाशी के दौरान तीन कमरों, अलमारियों, बक्सों और बेड के नीचे से नोटों से भरे बोरे बरामद हुए।
जानकारी के मुताबिक, मुख्य आरोपी राजेश मिश्रा फिलहाल जेल में बंद है, लेकिन वह वहीं से अपनी पत्नी रीना मिश्रा के जरिए नशे का नेटवर्क चला रहा था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान रीना मिश्रा, बेटे विनायक, बेटी कोमल, और दो भतीजों यश व अजीत मिश्रा को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के समय रीना ने कमरे का दरवाजा बंद कर पुलिस को रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसे दबोच लिया।
रीना मिश्रा पहले भी जेल जा चुकी है और हाल ही में जमानत पर बाहर आई थी। उसके खिलाफ 6 मुकदमे, जबकि राजेश मिश्रा पर 14 केस दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राजेश मिश्रा मानिकपुर क्षेत्र का सबसे बड़ा गांजा-स्मैक तस्कर माना जाता है।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ALSO READ – राइसिन जहर से हजारों लोगों को मारने की थी साजिश, गुजरात ATS ने 3 आतंकियों को किया गिरफ्तार