बिहार में मतदान ने तोड़ा 73 साल का रिकॉर्ड, महिलाएं बनीं चुनाव की गेमचेंजर

Spread the love & Share it

Bihar Election 2025

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 ने इतिहास रच दिया है। स्वतंत्र भारत के 73 साल के चुनावी इतिहास में पहली बार बिहार में सबसे ज्यादा मतदान दर्ज किया गया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार कुल 66.91% वोटिंग हुई — जो 1951 से अब तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। लेकिन इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड की सबसे बड़ी बात यह रही कि महिलाओं ने पुरुषों से आगे निकलते हुए मतदान में नया इतिहास रच दिया।

महिलाओं ने रचा नया रिकॉर्ड

इस बार बिहार की महिलाओं ने मतदान में रिकॉर्ड 71.06% भागीदारी दर्ज की है, जो अब तक के किसी भी चुनाव से अधिक है। वहीं, पुरुषों का मतदान प्रतिशत 62.8% रहा, यानी महिलाओं से लगभग 9% कम। इससे साफ है कि महिलाओं ने इस बार के चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाई है और वे “गेमचेंजर वोटर” के रूप में उभर रही हैं।

दोनों चरणों में महिलाओं की बढ़त

  • पहले चरण (6 नवंबर) में महिलाओं का मतदान: 69.04%
  • पुरुषों का मतदान: 61.56%

दूसरे चरण (11 नवंबर) में महिलाओं का मतदान: 74.03%
पुरुषों का मतदान: 64.1%

दोनों चरणों को मिलाकर महिलाओं की औसत भागीदारी 71% से अधिक रही, जो बिहार की राजनीतिक दिशा को बदलने का संकेत देती है।

सबसे ज्यादा वोटिंग वाले जिले

चुनाव आयोग के अनुसार, मतदान प्रतिशत के लिहाज से सीमांचल क्षेत्र के तीन जिले शीर्ष पर रहे – कटिहार: 78.84%, किशनगंज: 78.15%, पूर्णिया: 76.14% ये तीनों जिले विपक्षी महागठबंधन के गढ़ माने जाते हैं। पहले चरण में मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर समेत 10 जिलों में 70% से अधिक मतदान दर्ज किया गया, जो NDA के पारंपरिक गढ़ माने जाते हैं।

चुनाव आयोग ने की तारीफ

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रिकॉर्ड मतदान के लिए बिहार की महिलाओं की सराहना की। उन्होंने कहा — महिलाओं ने चुनाव आयोग पर पूरा विश्वास जताया है। बिहार में हुए शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव पूरे देश के लिए मिसाल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आयोग हमेशा अपने मतदाताओं के साथ खड़ा रहा है और आगे भी रहेगा।

पिछले चुनाव से तुलना

2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में भी महिलाओं की वोटिंग पुरुषों से अधिक रही थी। तब महिलाओं ने 60.48% और पुरुषों ने 53.32% मतदान किया था। लेकिन 2025 में महिलाओं की भागीदारी में लगभग 11% की बढ़ोतरी दर्ज की गई — जो इस बार के चुनाव की सबसे बड़ी कहानी बन गई है।

ALSO READ – शेयर मार्केट में अमीर बनने का सपना, वाराणसी की महिला से 12 लाख की साइबर ठगी!


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *