Bihar Election 2025: खेसारी यादव और तेज प्रताप की बढ़त टूटी, मैथिली ठाकुर और ओसामा ने मचाया धमाल

Spread the love & Share it

Bihar Election 2025

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के रुझानों ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। कई हाई-प्रोफाइल सीटों पर अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिल रहे हैं। खासकर अलीनगर, मोकामा, महुआ, कुम्हरार, छपरा और रघुनाथपुर जैसी सीटों पर हर राउंड के साथ समीकरण बदलते दिखाई दे रहे हैं।

अलीनगर: मैथिली ठाकुर ने बढ़त बनाई, RJD पीछे

दरभंगा की चर्चित अलीनगर सीट पर बीजेपी की स्टार उम्मीदवार और लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर शुरुआती रुझानों में लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।

दूसरे नंबर पर आरजेडी के बिनोद मिश्रा और तीसरे पर जन सुराज पार्टी के बिप्लव कुमार चौधरी हैं।
2020 में यहां से VIP के मिश्री लाल यादव ने RJD को हराया था, जबकि 2015 में RJD के अब्दुल बारी सिद्दीकी यहां से विजयी रहे थे।

मोकामा: गिरफ्तारी के बावजूद अनंत सिंह आगे

मोकामा सीट इस बार भी सुर्खियों में है। मतदान से पहले हत्या मामले में मुख्य आरोपी बनाए जाने के बाद अनंत सिंह की गिरफ्तारी ने वोटरों को बांटे रखा, लेकिन रुझानों में वे बढ़त बनाए हुए हैं।

दूसरे नंबर पर RJD उम्मीदवार वीणा देवी, जो बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी हैं, जबकि जन सुराज के पीयूष प्रियदर्शी तीसरे स्थान पर हैं।

अनंत सिंह का परिवार पिछले 35 वर्षों से यहां मजबूत पकड़ रखता है। 1990 में दिलीप सिंह से लेकर 2005 के बाद अनंत सिंह तक—यह सीट उनके प्रभाव में रही है।

महुआ: तेज प्रताप यादव का बड़ा झटका
महुआ सीट पर इस बार मुकाबला बेहद हाईवोल्टेज है।लालू-राबड़ी के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव शुरुआती रुझानों में तीसरे नंबर पर खिसकते दिख रहे हैं। पहले स्थान पर NDA समर्थित LJP (RV) के संजय कुमार सिंह और दूसरे पर RJD के मुकेश रौशन हैं। तेज प्रताप ने 2020 में हसनपुर से चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी से निलंबन के बाद उन्होंने जनशक्ति जनता दल नाम से अलग पार्टी बनाकर इस बार महुआ से ताल ठोकी है।

कुम्हरार: बीजेपी का मजबूत गढ़ बरकरार
पटना की प्रतिष्ठित कुम्हरार सीट पर BJP ने इस बार नए चेहरे संजय कुमार को उतारा है और वे बढ़त बनाए हुए हैं।
दूसरे स्थान पर कांग्रेस के इंद्रदीप कुमार, जबकि तीसरे पर जन सुराज के KC सिंहा हैं, जो मैथ्स प्रोफेसर के रूप में लोकप्रिय हैं।
यह सीट हमेशा से BJP का सबसे मजबूत किला मानी जाती रही है और इस बार भी वही रुझान दिख रहा है।

छपरा: खेसारी लाल यादव दूसरे नंबर पर
छपरा में RJD ने भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव पर दांव लगाया, लेकिन रुझानों में वे दूसरे नंबर पर हैं।
पहले नंबर पर BJP की छोटी कुमारी आगे चल रही हैं।
छपरा सीट का लालू यादव से भी ऐतिहासिक संबंध है, क्योंकि वे पहली बार 1977 में यहीं से लोकसभा पहुंचे थे।

रघुनाथपुर: ओसामा शहाब की बढ़त
सिवान की रघुनाथपुर सीट पर बाहुबली नेता शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब पहली बार चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं और शुरुआती रुझानों में बढ़त पर हैं। दूसरे नंबर पर JDU के विकास कुमार सिंह हैं। शहाबुद्दीन की मौत के बाद यह परिवार राजनीति में फिर से पकड़ बनाने की कोशिश में है।

ALSO READ – Bihar Election Result 2025: दो घंटे की काउंटिंग में एनडीए को भारी बढ़त, जेडीयू बनी सबसे बड़ी पार्टी!


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *