
Ahraura Mine Accident: मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र स्थित खदान में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। खदान में काम कर रहे चंदौली के चकिया निवासी मजदूर जय सिंह ऊर्फ गोलू यादव (32) की खदान में गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
चकिया के मुबारकपुर गांव के रहने वाले गोलू यादव रोज की तरह सुबह काम पर गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काम के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह खदान के गहरे हिस्से में जा गिरा। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही अहरौरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, परिजनों ने हादसे को संदेहास्पद बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गोलू को किसी ने धक्का देकर खदान में गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हुई है।
पुलिस ने परिजनों के आरोपों को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके की स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गोलू की अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ALSO READ – Nifty All Time High: Sensex 86,000 के पार, निफ्टी ने बनाया नया ऑल-टाइम हाई