Chandauli News: मुगलसराय दवा कारोबारी हत्याकांड, साजिशकर्ता जेल में, कहां गायब हो गए शूटर

Spread the love & Share it

Chandauli New

Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय कस्बे में प्रतिष्ठित दवा व्यापारी रोहितास पाल उर्फ रोमी पाल की हत्या को करीब दो सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी भी मुख्य शूटरों को पकड़ने में नाकाम है। इस बीच, पुलिस द्वारा 25 नवंबर को तीन साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी के बावजूद, जांच को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

18 नवंबर को मुगलसराय स्थित पॉपुलर मेडिकल स्टोर के संचालक रोमी पाल की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें हमलावर को गोली चलाकर भागते हुए स्पष्ट देखा गया। इसके बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 25 नवंबर को वाराणसी के नदेसर निवासी भानु जायसवाल, मुगलसराय के मनोज कुमार जायसवाल और ओम प्रकाश जायसवाल को हत्या की साजिश रचने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

शूटरों के फरार होने से बढ़ा संदेह

हालांकि तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस अब तक शूटरों तक नहीं पहुंच पाई है। शूटर कौन थे? उन्हें सुपारी किसने दी थी? कितनी रकम का लेन-देन हुआ? इन सभी सवालों पर पुलिस अभी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं ला सकी है। यही वजह है कि स्थानीय लोग और व्यापारी संगठनों में असंतोष बढ़ने लगा है।

सूत्रों के अनुसार हत्या में एक से अधिक शूटर शामिल थे, लेकिन उनकी पहचान, उनकी लोकेशन और हत्या के बाद उनके भागने की दिशा पूरी तरह रहस्य बनी हुई है। पुलिस पूछताछ में यह भी साफ नहीं हो पाया है कि हत्या की साजिश कहां और कब रची गई थी।

पुलिस का दावा, जल्द मिलेगी सफलता

इस मामले में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे का कहना है कि शूटरों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगातार काम कर रही हैं। जल्द बड़ी सफलता मिलेगी।

ALSO READ – संविधान दिवस पर स्वामी प्रसाद मौर्य का हमला: सरकार संविधान कमजोर कर रही, शिक्षा–कृषि, कानून व्यवस्था के बुरे हाल


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *