
Chandauli News: चंदौली जिले के किसानों को 14 वर्षों से परेशान कर रही सिंचाई की गंभीर समस्या आखिरकार समाप्त हो गई है। भोका बंधी से निकले शिकारगंज रजवाहा के टेल पिपरखड़िया तक जेसीबी मशीनों द्वारा कई दिनों तक सफाई कराई गई, जिससे नहर में जमी झाड़-झंकार और मिट्टी पूरी तरह हट गई है।
इस महत्वपूर्ण कदम से अब हजारों बीघा धान और गेहूं की सिंचाई निर्बाध रूप से हो सकेगी, जिससे रबी की बुवाई में किसानों को किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी।
लंबे समय से करवदिया, कुसही और पिपरखड़िया के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। नहर का चार किलोमीटर हिस्सा जाम होने के कारण पानी आगे बढ़ नहीं पा रहा था और खेतों में जल जमाव हो जाता था। नवंबर में भी किसानों के धान के खेत जलभराव से प्रभावित हुए थे।
किसान विकास मंच की लगातार मांग और हस्तक्षेप के बाद बंधी डिवीजन के अधिकारियों ने सफाई कार्य शुरू कराया। मंच के नेता सरोज कुमार यादव, राम अवध सिंह, ईश्वरी शरण सिंह, असलम खान सहित कई सक्रिय किसानों ने अधिशासी अभियंता सुरेश चंद्र, सहायक अभियंता मनोज सिंह और अवर अभियंता हरेंद्र कुमार से मुलाकात कर समस्या को गंभीरता से उठाया था।
अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को समझते हुए तत्काल कार्रवाई की, जिसके बाद पूरा रजवाहा साफ कर दिया गया। इससे अब पानी आसानी से टेल तक पहुंचेगा और किसान निश्चिंत होकर अपनी फसल की बुवाई कर सकेंगे। किसानों ने जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और सिंचाई विभाग की तत्परता की सराहना की है। यह पहल चंदौली के कृषि क्षेत्र के लिए बड़ी राहत के रूप में देखी जा रही है।
ALSO READ – Chandauli News: खून से लथपथ मिला अधेड़ का शव, ईंटों के चट्टे के पास हत्या की आशंका