जमीन विवाद पर बवाल, चंदौली में विधवा महिला से ससुर-देवरों ने की मारपीट, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र के कांटा गांव में रविवार देर शाम जमीन विवाद को लेकर एक चिंताजनक घटना सामने आई है। गांव की एक विधवा महिला ने आरोप लगाया है कि उसके ससुर और दो देवरों ने खेत के बंटवारे को लेकर न केवल उससे मारपीट की, बल्कि घर का सामान भी बाहर फेंक दिया। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

पीड़िता चंद्रकला मौर्या ने बताया कि वर्ष 2020 में सड़क दुर्घटना में पति की मौत के बाद से वह अपने एक बेटे और एक बेटी के साथ परिवार से अलग रह रही हैं। पारिवारिक समझौते के तहत उन्हें जीवनयापन के लिए एक बीघा खेत दिया गया था। लेकिन पति की मृत्यु के बाद से ही परिवार के कुछ सदस्य बार-बार जमीन को लेकर उन्हें परेशान कर रहे हैं।

चंद्रकला के अनुसार, रविवार को वह अपने हिस्से के खेत में गेहूं की बुवाई कर रही थीं, तभी उनके दो देवर और ससुर वहां पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की और धमकी भी दी। महिला का कहना है कि वह लंबे समय से प्रताड़ना झेल रही हैं और अब जान का खतरा महसूस कर रही हैं।

पीड़िता ने सैयदराजा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी बिंदेश्वर प्रसाद पांडेय ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ALSO READ – 1 दिसंबर से लागू बड़े बदलाव: LPG, CNG, बैंक छुट्टियां, जानिए डिजिटल बैंकिंग में नए नियम


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *