Chandauli News: चकिया में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, वन विभाग ने मिनी ट्रक पकड़ा, ड्राइवर पर FIR

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जिले के चकिया क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ वन विभाग की सख्त कार्रवाई जारी है। रविवार को विभागीय टीम ने एक मिनी ट्रक को पकड़ा, जिसमें बिना अनुमति के पत्थर लदा हुआ था। वैध कागजात न मिलने पर वाहन को तुरंत जब्त कर लिया गया और चालक के खिलाफ वन अधिनियम 1927 के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

यह कार्रवाई चकिया–अहरौरा मार्ग स्थित उचेहरा पेट्रोल पंप के पास की गई, जहां चेकिंग के दौरान मिनी ट्रक (UP 64 T 5309) को रोका गया। टीम द्वारा दस्तावेज मांगने पर चालक कोई भी वैध प्रमाण नहीं दिखा सका, जिसके बाद पत्थर के अवैध परिवहन की पुष्टि हो गई।

वन विभाग ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही हेतु शिकारगंज पुलिस चौकी को सौंप दिया।
चंद्रप्रभा रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी अखिलेश कुमार दुबे ने बताया कि वाहन पूरी तरह अवैध खनन से जुड़े माल के परिवहन में संलिप्त था। उन्होंने कहा कि वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जा रही है।

क्षेत्रीय वनाधिकारी दुबे ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अवैध खनन और परिवहन पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है तथा राजस्व की बड़ी हानि भी पहुँचाता है। इसलिए विभाग ऐसी गतिविधियों पर निरंतर निगरानी कर रहा है और भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

ऑपरेशन में शामिल रही टीम
अभियान में क्षेत्रीय वनाधिकारी अखिलेश दुबे, उपवनाधिकारी आनंद दुबे, वन दरोगा सच्चिदानंद, तथा वनकर्मी रिशु चौबे, रामआशीष, मंदीप कुमार, शिवबचन सिंह और यशवंत सिंह सक्रिय रूप से शामिल रहे। टीम की तत्परता के कारण कार्रवाई समय रहते सफलतापूर्वक पूरी की जा सकी।

वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। विभाग का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा।

ALSO READ – चंदौली में हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, भोजपुरी गाने पर धाएं-धाएं हवा में गोली चला रहा युवक


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *