
Chandauli News: चंदौली जिले के मुगलसराय कस्बे में मंगलवार को प्रशासन ने अवैध मीट की दुकानों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। पीडीडीयू नगर के उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) अनुपम मिश्रा और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) राजीव मोहन सक्सेना पुलिस बल के साथ कस्बे के विभिन्न इलाकों में पहुंचे और बिना लाइसेंस चल रही चिकन–मटन की दुकानों को तुरंत बंद कराया।
अधिकारियों ने बताया कि जो भी दुकानदार वैध लाइसेंस नहीं दिखा पाए, उनकी दुकानें सील कर दी गईं। प्रशासन ने लगभग आधा दर्जन अवैध दुकानों पर कार्रवाई की है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि बिना अनुमति के मांस की दुकान संचालित करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे मुगलसराय कस्बे में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि अवैध और अस्वच्छ दुकानों पर रोक से क्षेत्र की साफ-सफाई और सार्वजनिक व्यवस्था बेहतर होगी।
कई क्षेत्रों में लंबे समय से थी शिकायत
एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि कसाब मुहाल, काली मुहाल और जीटी रोड पर लंबे समय से सड़क किनारे अवैध मीट की दुकानें चल रही थीं। इन दुकानों से न सिर्फ स्वच्छता प्रभावित हो रही थी, बल्कि सड़क पर जाम और दुर्गंध की समस्या भी बढ़ती जा रही थी।
अधिकारियों ने दुकानदारों से लाइसेंस और दस्तावेज मांगे, लेकिन अधिकांश के पास कोई वैध अनुमति नहीं मिली। ऐसे में दुकानों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि आगे भी अभियान जारी रहेगा और नगर में केवल वैध लाइसेंस के आधार पर ही दुकानें संचालित की जा सकेंगी।
ALSO READ – वाराणसी सप्लाई से पहले ही धरे गए तस्कर! चंदौली पुलिस ने 16 किलो अवैध गांजा पकड़ा