
Chandauli News: चंदौली के चहनिया ब्लॉक अंतर्गत बलुआ थाना क्षेत्र के मोलनापुर रोड पर शनिवार को एक 24 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त भगवानपुर गांव निवासी आनंद यादव पुत्र राजेश यादव के रूप में की।
परिजनों ने युवक की मौत को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हुए इसे साजिश करार दिया है। परिजनों के अनुसार, आनंद यादव शुक्रवार की रात पहाड़पुर निवासी अमरजीत यादव के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर मोलनापुर गए थे। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि परिजन इस पूरी घटना को संदिग्ध मान रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
मृतक आनंद यादव अपने परिवार में दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई घनश्याम यादव का हाल ही में अग्निवीर सेना में चयन हुआ है। आनंद यादव का विवाह धमिना गांव निवासी संगीता देवी से हुआ था। उनके दो छोटे बच्चे हैं—एक दो वर्षीय पुत्र और चार वर्षीय पुत्री। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।
ALSO READ – राजघाट पुल का मरम्मत कार्य फिर रुका, ट्रैफिक बहाल, आज से शुरु हुआ आवगमन