खौफनाक वारदात से दहला बुलंदशहर: बगीचे के सौदे में पूर्व विधायक के भतीजे की बेरहमी से हत्या

Spread the love & Share it

Bulandshahar News

Bulandshahar News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सोमवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। कोतवाली देहात क्षेत्र के निमखेड़ा गांव में बगीचे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस दौरान पूर्व बसपा विधायक मरहूम हाजी अलीम और राष्ट्रीय लोकदल नेता हाजी यूनुस के भतीजे हाजी सूफियान की दबंगों ने बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि उनका भाई अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाजी सूफियान अपने भाई अकरम के साथ आम के एक बगीचे का सौदा करने सोमवार को निमखेड़ा गांव पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद 8 से 10 लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों भाइयों पर स्कॉर्पियो वाहन चढ़ा दिया।

चश्मदीदों और परिजनों का आरोप है कि स्कॉर्पियो से टक्कर मारने के बाद भी हमलावर नहीं रुके, बल्कि हाजी सूफियान पर कई बार वाहन चढ़ाकर उनकी जान लेने की कोशिश की गई। इसके बाद अकरम की लाइसेंसी पिस्टल जबरन छीन ली गई और दोनों भाइयों पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया गया। लाठी-डंडों से भी बेरहमी से पिटाई की गई।

गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हाजी सूफियान को मृत घोषित कर दिया। अकरम की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल में भारी भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला बगीचे के सौदे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बनाए हुए है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

ALSO READ – UP Police Bharti 2026: लाखों युवाओं के लिए खुशखबरी, UP पुलिस भर्ती में 3 साल की उम्र छूट लागू, आवेदन शुरू


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *