चंदौली में दर्दनाक रेल हादसा: मुंबई मेल से गिरकर आरपीएफ दरोगा की मौत

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक रेल हादसे में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक युवा दरोगा की जान चली गई। डाउन यार्ड ओल्ड कार शेड के पास मुंबई मेल ट्रेन से गिरकर दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरपीएफ और स्थानीय पुलिस में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान 26 वर्षीय विशाल तिवारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मऊ जनपद के जखनिया थाना क्षेत्र के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, दरोगा विशाल तिवारी मुंबई मेल ट्रेन से यात्रा करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन की ओर आ रहे थे। इसी दौरान डाउन यार्ड ओल्ड कार शेड के पास किलोमीटर पोल संख्या 673/8 के निकट वह अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। तेज रफ्तार ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी सहित वरिष्ठ अधिकारी और अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पाण्डेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल चंदौली भेज दिया गया है। घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण।

बताया जा रहा है कि विशाल तिवारी ने करीब छह माह पूर्व ही अपनी ट्रेनिंग पूरी की थी और उनकी पहली तैनाती बिहार के रफीगंज में हुई थी। नौकरी की शुरुआत के साथ ही परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन इस आकस्मिक हादसे ने सब कुछ बदल दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे।

युवा दरोगा की असमय मौत से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा आरपीएफ विभाग शोक में डूब गया है। सहकर्मियों के अनुसार विशाल एक कर्मठ और जिम्मेदार अधिकारी थे। इस हादसे ने रेल सुरक्षा बल को एक होनहार जवान से वंचित कर दिया है।

ALSO READ – UP Police Bharti 2026: लाखों युवाओं के लिए खुशखबरी, UP पुलिस भर्ती में 3 साल की उम्र छूट लागू, आवेदन शुरू


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *