
Chandauli News: चंदौली में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर कोतवाली और बलुआ थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल छह शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 67.625 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसे बिहार राज्य भेजने की तैयारी थी।
सदर कोतवाली पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन जांच के दौरान एक लग्जरी कार को रोका। तलाशी लेने पर कार की डिग्गी से विभिन्न ब्रांडों की 52 लीटर से अधिक अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के रोहतास जिले के चेनारी गांव निवासी शंभु कुमार, शिवम, श्यामबाबू साह और सुनील कुमार के रूप में हुई है।
वहीं, बलुआ थाना पुलिस ने भी दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। लक्ष्मगढ़ गांव के गेट के पास से सुरेश चंद्र जायसवाल को करीब छह लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पूरे रजई गांव के पास से संतोष यादव को छह लीटर अवैध शराब के साथ पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अधिक मुनाफा कमाने और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए शराब की तस्करी करते थे। वे सरकारी दुकानों से फुटकर शराब खरीदकर उसे एकत्र करते और फिर बिहार भेजते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और आगे की जांच जारी है।
ALSO READ – मनरेगा के नाम और फंडिंग पैटर्न बदलने पर कांग्रेस नाराज, चंदौली में आंदोलन की घोषणा