सीता रसोई के पास बैठा शख्स, करने लगा नमाज की तैयारी- राम मंदिर में क्या हुआ?

Spread the love & Share it

Ayodhya News

Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर नमाज पढ़ने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए व्यक्ति को हिरासत में ले लिया और बाद में अयोध्या पुलिस के हवाले कर दिया।

सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अब्दुल अहद शेख (55) के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले का निवासी बताया जा रहा है। वह मंदिर परिसर में प्रवेश करने के बाद सीता रसोई के पास बैठ गया और वहां कथित रूप से नमाज अदा करने का प्रयास करने लगा। सुरक्षाकर्मियों की नजर पड़ते ही उसे तत्काल रोक दिया गया।

बताया जा रहा है कि रोके जाने पर व्यक्ति ने नारेबाजी भी की, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि प्रशासन की ओर से नहीं की गई है। यह घटना 22 जनवरी को होने वाली राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की दूसरी वर्षगांठ से करीब 12 दिन पहले सामने आई है, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं।

मंदिर परिसर की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद व्यक्ति को पुलिस को सौंप दिया। अयोध्या पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए खुफिया एजेंसियां भी पूछताछ में जुटी हैं। जांच का उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि व्यक्ति के इरादे क्या थे, वह अयोध्या क्यों आया और क्या इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान व्यक्ति के पास से काजू और किशमिश बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने दावा किया कि वह अजमेर जाने की योजना बना रहा था।

मानसिक स्वास्थ्य को लेकर सामने आई जानकारी

मीडिया रिपोर्ट्स और परिवार की जानकारी के अनुसार, अब्दुल अहद शेख की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। उसके इलाज से जुड़े दस्तावेजों और परिजनों के बयान से संकेत मिलता है कि उसका इलाज श्रीनगर के एक मनोरोग अस्पताल में चल रहा था। शेख के बेटे इमरान के अनुसार, उनके पिता अक्सर बिना बताए घर से निकल जाते थे और परिवार को अपनी यात्राओं की जानकारी नहीं देते थे। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही हैं।

ALSO READ – वाराणसी में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम टीम के सामने खड़ी हुईं महिलाएं, हथौड़ा-डंडा लेकर पुलिस से भिड़ीं


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *