
Varanasi News: वाराणसी के सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप अपने अंतिम और निर्णायक चरण में पहुंच गई है। प्रतियोगिता के महिला और पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले आज खेले जाएंगे, जिसमें दोनों वर्गों में रेलवे और केरल की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।
फाइनल मुकाबलों के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य होंगे, जबकि कार्यक्रम में वॉलीबॉल संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
सेमीफाइनल में दिखा दम, फाइनल में पहुंची दिग्गज टीमें
फाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमों ने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़े मुकाबलों में पराजित किया। महिला वर्ग में केरल ने हरियाणा को, जबकि रेलवे ने राजस्थान को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। वहीं पुरुष वर्ग में रेलवे ने सर्विसेज और केरल ने पंजाब को हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
महिला वर्ग: केरल का दबदबा, हरियाणा को 3-0 से हराया
महिला वर्ग के पहले सेमीफाइनल में कोर्ट नंबर-1 पर चिर-प्रतिद्वंद्वी केरल और हरियाणा की टीमें आमने-सामने थीं। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में केरल ने हरियाणा को 3-0 से मात देकर फाइनल में जगह बना ली।
केरल की अनाघा आर. ने अपने दमदार स्मैश और सटीक सर्विस से दर्शकों का दिल जीत लिया। केरल ने यह मुकाबला 25-19, 25-21 और 35-33 से अपने नाम किया।
रेलवे ने राजस्थान को 3-1 से हराकर फाइनल में बनाई जगह
महिला वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में रेलवे ने राजस्थान को 3-1 से पराजित किया। रेलवे ने पहले दो सेट 25-13 और 25-16 से जीतकर मजबूत बढ़त बनाई। हालांकि तीसरे सेट में राजस्थान ने 26-24 से वापसी की, लेकिन चौथे सेट में रेलवे ने 25-19 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
पुरुष वर्ग: रेलवे ने सर्विसेज को हराया, सांस रोक देने वाला मुकाबला
पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में भारतीय रेलवे ने तीनों सेनाओं की टीम सर्विसेज को 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पांच सेटों तक चले इस मुकाबले में रेलवे ने धैर्य और अनुभव का शानदार परिचय दिया। निर्णायक सेट में रेलवे ने 15-13 से जीत दर्ज कर मुकाबला अपने नाम किया।
पंजाब को हराकर केरल फाइनल में
दूसरे पुरुष सेमीफाइनल में केरल ने पंजाब को सीधे सेटों में 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। मुकाबला भले ही सीधे सेटों में खत्म हुआ, लेकिन स्कोरलाइन 25-23, 25-23 और 25-22 बताती है कि मैच कितना संघर्षपूर्ण रहा। केरल के आक्रामक स्मैश और मजबूत ब्लॉक ने पंजाब की राह रोक दी।
अब सभी की निगाहें आज खेले जाने वाले फाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप की ट्रॉफी किसके हाथों में जाएगी।
ALSO READ – सीता रसोई के पास बैठा शख्स, करने लगा नमाज की तैयारी- राम मंदिर में क्या हुआ?