Jagdeep Dhankhar Health Update: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, एम्स में भर्ती

Spread the love & Share it

Jagdeep Dhankhar Health Update

Jagdeep Dhankhar Health Update: देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली में भर्ती कराया गया है। 74 वर्षीय धनखड़ को 10 जनवरी को वॉशरूम में दो बार बेहोशी का दौरा पड़ा, जिसके बाद परिजन और स्टाफ उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।

अधिकारियों के अनुसार, चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद एहतियातन उन्हें अस्पताल में भर्ती रखने की सलाह दी है। उनकी सेहत को देखते हुए एमआरआई सहित आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण कराए जा रहे हैं। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। एम्स प्रशासन की ओर से अभी विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि जगदीप धनखड़ इससे पहले भी विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान अस्वस्थ होने की घटनाओं को लेकर चर्चा में रहे हैं। कच्छ का रण, उत्तराखंड, केरल और दिल्ली में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की खबरें सामने आ चुकी हैं। स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने 21 जुलाई 2025 को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था।

उल्लेखनीय है कि संसद के मानसून सत्र के पहले दिन 21 जुलाई को उन्होंने दिन में राज्यसभा के सभापति के रूप में कार्यवाही का संचालन किया था। उसी रात उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से इस्तीफे की जानकारी साझा की गई, जिसमें स्वास्थ्य कारणों का उल्लेख किया गया। हालांकि, उनके अचानक इस्तीफे को लेकर उस समय राजनीतिक हलकों में चर्चाएं भी हुई थीं।

हाल ही में यह भी सामने आया था कि इस्तीफे के करीब पांच महीने बाद तक उन्हें सरकारी आवास आवंटित नहीं किया गया था। इस संबंध में उन्होंने 22 अगस्त को आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय को पत्र लिखकर पूर्व उपराष्ट्रपतियों को मिलने वाली सुविधाओं का हवाला देते हुए सरकारी आवास की मांग की थी।

नियमों के अनुसार, पूर्व उपराष्ट्रपति को केंद्र सरकार की ओर से मासिक पेंशन, सरकारी आवास, निजी स्टाफ और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। फिलहाल देशभर में उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

ALSO READ – Chandauli News: पुलिसकर्मी की तेज रफ्तार कार ने मचाया कहर, कई लोगों को कुचला


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *