चंदौली में दर्दनाक हादसा: नहर किनारे खेलते वक्त ढाई साल के मासूम की डूबने से मौत

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में ढाई वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। मासूम नहर किनारे खेल रहा था, इसी दौरान वह पास स्थित गड्ढे में गिर गया।

अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 निवासी दिनेश चंद्रभारती का ढाई वर्षीय पुत्र सार्थक मंगलवार को अपने घर के पास नहर किनारे खेल रहा था। कुछ देर बाद जब बच्चा दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने अलीनगर थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कराया और गोताखोरों की मदद से नहर व आसपास के क्षेत्र में गहन तलाशी कराई। काफी प्रयासों के बाद मासूम सार्थक का शव नहर किनारे स्थित एक गड्ढे से बरामद किया गया।

परिजन बच्चे को आनन-फानन में उपचार के लिए अमन अस्पताल, रिया चाइल्ड केयर और बाद में आदित्य हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वार्ड नंबर-3 के सभासद राजेश चौहान ने बताया कि खोजबीन के दौरान बच्चे का शव पास के गड्ढे में मिला था। हर संभव प्रयास के बावजूद मासूम को बचाया नहीं जा सका। मृतक बच्चे की माता का नाम रोशनी है।

थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

ALSO READ – Chandauli News: पुलिसकर्मी की तेज रफ्तार कार ने मचाया कहर, कई लोगों को कुचला


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *