
Chandauli News: चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक फाइनेंस को लेकर हुए विवाद में एक बुलेट शोरूम के संचालक ने कर्मचारी के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूसों से पिटाई की।
पीड़ित कर्मचारी अनिल कुमार गुप्ता ने अलीनगर थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बुलेट शोरूम के संचालक अखिलेन्द्र प्रताप सिंह को नामजद आरोपी बनाया है। पीड़ित के अनुसार, शोरूम मालिक ने उन्हें अपने केबिन में बुलाया, जहां पहले गाली-गलौज की गई और फिर उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई।
अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि किसी तरह वहां से भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई और बाद में अलीनगर थाना प्रभारी को लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित का कहना है कि यह विवाद एक ग्राहक को बुलेट बाइक के लिए फाइनेंस कराने को लेकर हुआ था, जिससे शोरूम संचालक नाराज था।
घटना के बाद अलीनगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि फाइनेंस कंपनी कर्मचारी और शोरूम संचालक, दोनों पक्षों से लिखित शिकायतें प्राप्त हुई हैं। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।