चंदौली में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों तथा पुलिस द्वारा कथित दुर्व्यवहार के विरोध में बुधवार को चंदौली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन प्रभारी अधिकारी को सौंपा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने बताया कि 11 जनवरी को वाराणसी में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के नेतृत्व में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया था। यह प्रदर्शन एसआईआर, कथित वोट चोरी और मनरेगा को समाप्त किए जाने के विरोध में आयोजित किया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं और वरुण चौधरी के साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया। द्विवेदी ने दावा किया कि यह कार्रवाई सत्तारूढ़ भाजपा के इशारे पर की गई, जिसका उद्देश्य छात्र संगठनों और विपक्ष की आवाज को दबाना था।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदर्शन के बावजूद पुलिस ने बल प्रयोग किया, कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया गया और कई लोगों के साथ अभद्रता की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने कांग्रेस पदाधिकारियों के घरों पर जाकर उनके परिजनों, महिलाओं और बच्चों को परेशान किया, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।

कांग्रेस ने इस घटना को लोकतंत्र और संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों पर सीधा हमला करार दिया। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मांग की गई कि मामले का संज्ञान लेकर दोषी पुलिस अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रदर्शन में नारायण मूर्ति ओझा, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, राकेश सिंह, शिवेंद्र मिश्र, राममूरत, भवानी शरण सिंह उर्फ राहुल, विनय कुमार, गुलाब राम, शमशेर खां, अखिलेश कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ALSO READ – चंदौली में दर्दनाक हादसा: नहर किनारे खेलते वक्त ढाई साल के मासूम की डूबने से मौत


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *