चंदौली में भीषण सड़क हादसा: नशे में धुत स्कॉर्पियो चालक ने मचाया तांडव, 6 लोगों को रौंदा, एक की मौत

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में तेज रफ्तार और नशे में धुत एक स्कॉर्पियो कार ने गुरुवार रात सड़क पर भीषण तबाही मचा दी। मात्र 10 सेकेंड के भीतर बेकाबू कार ने दो साइकिल सवारों, एक ई-रिक्शा, एक ऑटो और सड़क किनारे खड़े अन्य वाहनों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पड़ाव चौराहे पर मचा कोहराम

हादसा मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जलीलपुर चौकी के पास पड़ाव चौराहे पर रात करीब 10 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बंगाल नंबर की स्कॉर्पियो कार 100 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार में थी। पहले कार ने वाराणसी से काम कर लौट रहे साइकिल सवार इरशाद अहमद (25) को टक्कर मारी, फिर एक अन्य साइकिल सवार को चपेट में लिया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा, एक ऑटो और सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गई। अंत में स्कॉर्पियो डिवाइडर से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और साइकिलें पूरी तरह चकनाचूर हो गईं।

लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने दौड़कर कार सवार युवकों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी युवक नशे की हालत में थे। गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना पर CO अरुण कुमार सिंह, मुगलसराय कोतवाल संतोष कुमार सिंह और जलीलपुर चौकी प्रभारी अभिषेक शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

इलाज के दौरान एक की मौत, अन्य गंभीर

हादसे में घायल 6 लोगों को एंबुलेंस से लाल बहादुर शास्त्री जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने साइकिल सवार इरशाद अहमद को मृत घोषित कर दिया। चार घायलों को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

घायलों में मोहम्मद इस्लाम (20) निवासी कुतबन शहीद पीलीकोठी, वाराणसी और सलमान (36) निवासी सुजाबाद, रामनगर शामिल हैं। दो अन्य घायलों की पहचान की जा रही है।

मृतक दवा लेकर लौट रहा था घर

पुलिस के अनुसार मृतक इरशाद अहमद चौरहट गांव का निवासी था। वह रात में मेडिकल स्टोर से दवा लेकर साइकिल से घर लौट रहा था। वह परिवार की खेती-बाड़ी में हाथ बंटाता था।

कार चालक हिरासत में, जांच जारी

CO अरुण कुमार सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो कार (WB 02 8586) राकेश यादव के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार चला रहा आरोपी हरीश यादव, निवासी बड़ी पियरी, थाना चौक, वाराणसी को हिरासत में ले लिया गया है। वाहन को क्रेन से हटाकर पुलिस चौकी लाया गया है। मामले की जांच जारी है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ALSO READ- चंदौली में चाइनीज मांझे का कहर: 11 वर्षीय बच्चे की गर्दन कटी, मफलर ने बचाई जान


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *