
Chandauli News: उत्तर प्रदेश की न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में शनिवार को चंदौली में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीशों और इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और CM योगी की उपस्थिति में जिले के बहुप्रतीक्षित एकीकृत न्यायालय परिसर का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश विक्रम नाथ, पंकज मित्तल, मनोज मिश्रा और राजेश बिंदल तथा इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली और न्यायमूर्ति महेश चंद्र त्रिपाठी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
286 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक कोर्ट कॉम्प्लेक्स
करीब 286 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह एकीकृत जिला न्यायालय परिसर लगभग 35 बीघा क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित भवन का मॉडल भी सामने आ चुका है, जिसमें न्यायालय परिसर भव्य, आधुनिक और सुविधाजनक स्वरूप में नजर आ रहा है।
एक ही छत के नीचे सभी न्यायिक सुविधाएं
नए परिसर में सभी न्यायालय कक्ष, अधिवक्ताओं के चैंबर, वादकारियों के लिए प्रतीक्षालय, डिजिटल कोर्ट सुविधाएं और प्रशासनिक कार्यालय एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। इससे वर्तमान में विभिन्न स्थानों पर संचालित न्यायिक कार्य एकीकृत होकर तेज, पारदर्शी और सुगम बनेंगे।
अधिवक्ताओं और वादकारियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
परिसर में अत्याधुनिक सभागार, पार्किंग, फूड कोर्ट, हरित क्षेत्र और विश्राम स्थल विकसित किए जाएंगे। यह भवन अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण और आम नागरिकों को सुलभ न्याय प्रदान करने में सहायक होगा।
जिले के लिए ऐतिहासिक दिन
कार्यक्रम में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों ने इसे चंदौली जिले के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। यह परियोजना न केवल न्यायिक बुनियादी ढांचे को सशक्त करेगी, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति देगी।