
Chandauli News: नियामताबाद ब्लॉक के दुल्हीपुर गांव के 52 बीघा मोहल्ले में बीते एक साल से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। जल निगम द्वारा पाइपलाइन नहीं बिछाए जाने के कारण सैकड़ों ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
दुल्हीपुर नियामताबाद क्षेत्र का सबसे बड़ा और घनी आबादी वाला गांव है, लेकिन इसके बावजूद यहां बुनियादी सुविधा पानी की भारी कमी बनी हुई है। स्थानीय निवासियों तारिक, मोहम्मद फज़ल, हमीद, वाहिद अली और एकलाख का कहना है कि मोहल्ले में लगे हैंडपंपों से गंदा और दूषित पानी निकल रहा है, जो पीने लायक नहीं है। मजबूरी में लोगों को दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही के चलते समस्या जस की तस बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि पाइपलाइन बिछाने के लिए जरूरी सामग्री पिछले एक साल से मौके पर पड़ी है, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं हो सका।
इस संबंध में जल निगम के सुपरवाइजर हर्ष यादव ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य के कारण पाइपलाइन बिछाने में देरी हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पाइपलाइन का कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे मोहल्ले के लोगों को राहत मिल सकेगी।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस बार केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जल्द ठोस कार्रवाई कर लंबे समय से चले आ रहे जल संकट का समाधान करेगा।
ALSO READ – मेरा टाइम हो चुका है… जडेजा के बयान से रिटायरमेंट की अटकलें तेज