
T20 World cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के बीच चल रहा विवाद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। आईसीसी ने भारत में होने वाले बांग्लादेश के मैचों को श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है। परिषद ने दो टूक कहा है कि भारत में सुरक्षा को लेकर कोई खतरा नहीं है।
आईसीसी ने बांग्लादेश बोर्ड को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाते हुए 24 से 48 घंटे के भीतर अंतिम रुख साफ करने को कहा है। आईसीसी अधिकारियों के अनुसार, इस मुद्दे पर पहले भी बीसीबी से बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब और देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
खिलाड़ियों से राय लेने में जुटी बांग्लादेश सरकार
इस बीच बांग्लादेश सरकार ने मामला खिलाड़ियों के सामने रखने का फैसला किया है। खेल सलाहकार आसिफ नजरुल बुधवार (22 जनवरी) को ढाका के होटल इंटरकॉन्टिनेंटल में टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। बैठक का उद्देश्य खिलाड़ियों की राय जानना है, ताकि बाद में किसी तरह का विरोध या असहमति सामने न आए। माना जा रहा है कि इसी बैठक के बाद यह तय होगा कि बांग्लादेश टीम भारत में विश्व कप खेलने जाएगी या नहीं।
ICC बोर्ड मीटिंग में प्रस्ताव गिरा
बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई आईसीसी बोर्ड मीटिंग में बांग्लादेश को बड़ा झटका लगा। बीसीबी की ओर से अमीनुल इस्लाम ने प्रस्ताव रखा कि बांग्लादेश को जिम्बाब्वे या आयरलैंड के साथ स्वैप कर दिया जाए, जिससे उनके मैच स्वतः श्रीलंका शिफ्ट हो सकें।
आईसीसी ने इस प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया और इसके बाद वेन्यू बदलने को लेकर वोटिंग कराई गई।
वोटिंग में 16 में से केवल दो देशों बांग्लादेश और पाकिस्तान ने समर्थन किया, जबकि बाकी सभी सदस्य देशों ने आईसीसी के फैसले के पक्ष में मतदान किया।
पाकिस्तान का समर्थन, लेकिन बहिष्कार से दूरी
इस विवाद में बांग्लादेश के साथ केवल पाकिस्तान खड़ा दिखा। हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने साफ कर दिया है कि वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बहिष्कार नहीं करेगा। पीसीबी का कहना है कि सुरक्षा कारणों से भारत के मैच पाकिस्तान से बाहर कराए गए थे, इसलिए बांग्लादेश की चिंता को भी गंभीरता से देखा जाना चाहिए।
खिलाड़ियों से बातचीत न होने पर उठे सवाल
इस पूरे मामले में बांग्लादेश के टी20 कप्तान लिटन दास पहले ही नाराजगी जता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि न तो सरकार और न ही बोर्ड ने खिलाड़ियों से कोई चर्चा की है। ऐसे में बुधवार की बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।
अब सबकी निगाहें बांग्लादेश सरकार और बीसीबी के अंतिम फैसले पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत में खेलेगा या नहीं।
ALSO READ – Basant Panchami 2026: जानिए पूजा का सही समय, शुभ योग और विशेष लाभ