वैश्विक तनाव का असर: सोना-चांदी नए ऑलटाइम हाई पर, MCX पर 1.59 लाख के पार पहुंचा भाव

Spread the love & Share it

Gold-Silver Price

Gold-Silver Price: 23 जनवरी शुक्रवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का फरवरी वायदा 2,885 रुपये यानी करीब 2 प्रतिशत की उछाल के साथ 1,59,226 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

वहीं, चांदी का मार्च वायदा 12,638 रुपये या 3.8 प्रतिशत की तेज बढ़त के साथ 3,39,927 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करता दिखा।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं ने मजबूती दिखाई। स्पॉट गोल्ड 0.5 प्रतिशत बढ़कर 4,961.57 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि फरवरी डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 1.1 प्रतिशत चढ़कर 4,964.60 डॉलर प्रति औंस हो गए। चांदी का हाजिर भाव भी करीब 1 प्रतिशत उछलकर 97.01 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक स्तर पर जारी भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में संभावित कटौती की उम्मीदों ने निवेशकों को सोने-चांदी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर मोड़ा है। बाजार को उम्मीद है कि 27 जनवरी से शुरू होने वाली फेड की बैठक में दरों में नरमी का संकेत मिल सकता है।

इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाटो से जुड़े बयान और आर्कटिक क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं ने भी अनिश्चितता बढ़ाई है। ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका, नाटो और डेनमार्क के बीच जारी खींचतान ने वैश्विक निवेश माहौल को और संवेदनशील बना दिया है।

गोल्डमैन सैक्स का बड़ा अनुमान

सोने की कीमतों को लेकर अमेरिकी निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स ने अपने अनुमान में बड़ा बदलाव किया है। ब्रोकरेज फर्म ने 2026 के अंत तक सोने का लक्ष्य बढ़ाकर 5,400 डॉलर प्रति औंस कर दिया है, जो पहले 4,900 डॉलर प्रति औंस था।

गोल्डमैन सैक्स के मुताबिक निजी निवेशकों और उभरते बाजारों के केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की खरीद में लगातार इजाफा हो रहा है। आर्थिक और राजनीतिक अस्थिरता के दौर में सोना सबसे भरोसेमंद सुरक्षित निवेश के रूप में उभर रहा है। वर्ष 2025 में सोने की कीमतों में 64 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई थी, जबकि 2026 में अब तक इसमें 11 प्रतिशत की बढ़त देखी जा चुकी है।

ALSO READ – कफ सिरप तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: सोनभद्र पुलिस ने वाराणसी में 28.50 करोड़ की संपत्ति की कुर्की


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *