चंदौली पुलिस की बड़ी सफलता, 7 लाख के गांजे के साथ दो तस्कर धराए

Spread the love & Share it

Chandauli News: अलीनगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पचफेड़वा रिंग रोड के पास एक लग्जरी कार से 30.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो अंतरप्रांतीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत सात लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर एक लग्जरी कार के जरिए गांजे की बड़ी खेप लेकर वाराणसी की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर अलीनगर थाना पुलिस ने पचफेड़वा स्थित हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच अभियान शुरू किया।

इसी दौरान एक संदिग्ध लग्जरी कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार दोनों युवक पुलिस को देखकर घबरा गए, जिससे संदेह और गहरा गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने कार की सीट के नीचे छिपाकर रखे गए 31 बंडलों में कुल 30.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया।

इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उनकी पहचान झारखंड के आदित्यपुर थाना क्षेत्र निवासी गोविंद कुमार सिंह और रांची निवासी हिमांशु के रूप में हुई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजे की खेप रांची से लोड कर वाराणसी में डिलीवरी देने जा रहे थे, जिससे उन्हें भारी मुनाफा मिलने की उम्मीद थी।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

इस कार्रवाई में अलीनगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्य धुरेंद्र प्रसाद, अनिल कुमार यादव और इंद्रजीत यादव शामिल रहे।

ALSO READ – इतना डर क्यों? I-PAC Case में सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी, ED को हरी झंडी


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *