Uttar Pradesh Diwas: हर जनपद को मिलेगा अपना व्यंजन, अमित शाह – CM योगी ने किया ODOC लॉन्च

Spread the love & Share it

Uttar Pradesh Diwas

Uttar Pradesh Diwas: उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर शनिवार को राजधानी के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर भव्य राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ (ODOC) योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत प्रदेश के प्रत्येक जनपद के पारंपरिक और विशिष्ट व्यंजनों को नई पहचान दी जाएगी, जिससे स्थानीय संस्कृति, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

समारोह का आयोजन ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर किया गया। इस दौरान अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ योजना का भी लोकार्पण किया, जिसका उद्देश्य प्रदेश में औद्योगिक विकास और युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है। दोनों योजनाओं पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गान से हुई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया। थीम सांग ‘उत्तर प्रदेश–उत्तम प्रदेश’ ने प्रदेश की सांस्कृतिक और विकासात्मक उपलब्धियों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। ब्रज, बुंदेली, अवधी और भोजपुरी अंचलों से आए कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की विविधता को मंच पर उतारा।

अमित शाह ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने शिल्प मेला, ओडीओसी व्यंजन मेला और ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से पांच विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया, जिनमें विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला, अलख पांडेय, सुश्री रश्मि आर्य, डॉ. हरिओम पंवार और डॉ. सुधांशु सिंह शामिल हैं। सभी को 11 लाख रुपये की सम्मान राशि, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच जनपदों के जिलाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और युवा शक्ति का सशक्त प्रदर्शन बना।

ALSO READ – वाराणसी में किराए के फ्लैट से चल रहा था देह व्यापार का धंधा, 4 युवतियां 1 युवक गिरफ्तार


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *