
Chandauli News: चंदौली के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) सचिन कुमार ने मंगलवार को दो विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बरहनी ब्लॉक स्थित कंपोजिट विद्यालय मोहम्मदपुर में तैनात शिक्षक आशीष कुमार मिश्रा बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
शिक्षक की गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने तत्काल प्रभाव से उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बीएसए सचिन कुमार ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा व्यवस्था के प्रति लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता और अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने कंपोजिट विद्यालय मोहम्मदपुर में छात्रों से संवाद कर शिक्षण स्तर की जानकारी ली। छात्रों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और शिक्षकों को बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात बीएसए प्राथमिक विद्यालय नौबतपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। पेयजल की गुणवत्ता, मध्याह्न भोजन (MDM), शौचालय की स्थिति और कक्षाओं की साफ-सफाई व्यवस्था को जांचा गया।
नौबतपुर विद्यालय में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। बीएसए ने शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सभी शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ALSO READ – चार दिन डॉक्टर नहीं आए! चंदौली जिला अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा