कफ सिरप मामले के आरोपियों पर शिकंजा, शुभम जायसवाल का करीबी विकास नर्वे गिरफ्तार

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: उत्तर प्रदेश में कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए वाराणसी पुलिस और स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने मुख्य सरगना शुभम जायसवाल के सबसे करीबी सहयोगी विकास सिंह नर्वे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सिद्धार्थनगर जिले में नेपाल सीमा के पास उस समय पकड़ा गया, जब वह देश छोड़कर नेपाल भागने की कोशिश कर रहा था।

अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) सरवणन टी. ने बताया कि विकास सिंह के खिलाफ पहले से ही लुकआउट सर्कुलर (LOC) और रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को वाराणसी लाया जा रहा है, जहां उससे नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि विकास सिंह इस तस्करी नेटवर्क में फाइनेंशियल हैंडलर की भूमिका निभाता था। वह अवैध कारोबार से जुड़े पैसों के लेन-देन और सप्लाई चेन का संचालन करता था। आरोपी का सीधा संपर्क मुख्य सरगना शुभम जायसवाल से था।

इस मामले में ‘शैली ट्रेडर्स’ फर्म के मुखिया भोला प्रसाद जायसवाल के खिलाफ सोनभद्र और वाराणसी पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसियों ने अब तक अपराध से अर्जित करीब 50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को विभिन्न जिलों में जब्त किया है।

अधिकारियों के अनुसार यह नेटवर्क अंतरराज्यीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैला हुआ था और नेपाल के रास्ते तस्करी की योजना बनाई जा रही थी। SIT का कहना है कि आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पूरे नेटवर्क की परतें खोलने के लिए जांच जारी है।

ALSO READ-गणतंत्र दिवस पर दुनिया ने देखी भारत की शक्ति, ऑपरेशन सिंदूर बना परेड का मुख्य आकर्षण


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *