Chandauli News: चंदौली पुलिस यार्ड में भीषण आग, चार कारें और कई बाइक जलकर खाक

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौबतपुर स्थित पुलिस यार्ड में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में यार्ड में खड़ी चार पुरानी कारें और कई मोटरसाइकिलें जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार, यह यार्ड विभिन्न थानों से जुड़े मुकदमों के जब्त वाहनों को रखने के लिए उपयोग में लाया जाता है। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में कई वाहन इसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की शुरुआत पास की झाड़ियों से हुई, जो तेज हवा के चलते फैलते हुए यार्ड तक पहुंच गई।

आग लगते ही मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि तब तक वाहनों को भारी नुकसान हो चुका था। सौभाग्य से इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सैयदराजा थानाध्यक्ष बी.के. पांडेय ने बताया कि आग लगने के सटीक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच समिति गठित कर दी गई है। समिति की रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

ALSO READ – UP पुलिस में कांस्टेबल बनने का आखिरी मौका, आवेदन की अंतिम तारीख कल


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *