
UP Budget Session 2026: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र आगामी 9 फरवरी 2026 से शुरू होगा। सत्र के पहले दिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विधानसभा और विधान परिषद की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। इसके बाद 11 फरवरी को योगी आदित्यनाथ सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट विधानसभा में पेश करेगी।
इसकी जानकारी वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी को सदन में दिवंगत पूर्व विधायकों के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
राज्य सरकार के लिए यह बजट सत्र राजनीतिक और आर्थिक दोनों दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। प्रदेश में जहां एक ओर पंचायत चुनाव नजदीक हैं, वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह बजट कई मायनों में दिशा तय करने वाला हो सकता है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, चुनावी माहौल को देखते हुए सरकार बजट में गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों को केंद्र में रखकर कई लोककल्याणकारी घोषणाएं कर सकती है। रोजगार सृजन, सामाजिक कल्याण योजनाओं के विस्तार, सब्सिडी और विकास परियोजनाओं को रफ्तार देने पर विशेष जोर रहने की संभावना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही अधिकारियों को बजट तैयार करते समय जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दे चुके हैं। बजट सत्र से पहले हुई कैबिनेट बैठक में सरकार ने शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए कैशलेस इलाज समेत कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी, जिससे यह संकेत मिलते हैं कि सरकार सामाजिक सुरक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर फोकस बनाए हुए है।
ALSO READ – UP Teachers News: योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, शिक्षकों को 5 लाख तक कैशलेस इलाज