
Chandauli News: चंदौली में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने पांच उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील चौकियों पर नई तैनातियां की गई हैं।
एसपी के आदेश पर तेज-तर्रार उपनिरीक्षक विजय राज को नई बाजार चौकी से हटाकर मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत कुड़ा बाजार चौकी का प्रभारी बनाया गया है। कुड़ा बाजार चौकी का क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील माना जाता है, जहां कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहता है।
इसके अलावा अलीनगर थाना में तैनात उपनिरीक्षक जनक सिंह को नई बाजार चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं कुड़ा बाजार चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक मनोज तिवारी का स्थानांतरण मुगलसराय कोतवाली में कर दिया गया है।
बलुआ थाने में तैनात उपनिरीक्षक सतीश चंद्र सिंह को अलीनगर थाना अंतर्गत जफरपुर चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि जफरपुर चौकी पर तैनात गिरीश चंद्र राय का तबादला अलीनगर थाने में किया गया है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि यह बदलाव कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने सभी नव तैनात उपनिरीक्षकों को निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ALSO READ – चंदौली में व्यापारी की संपत्ति पर दिनदहाड़े हमला, बाउंड्रीवाल की रेलिंग उखाड़ी; ब्लैकमेलिंग का आरोप