
Chandauli News: चंदौली जिले की चकिया कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुड़हुआ गांव के पास से एक बाइक सवार गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 17.50 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4.50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
चकिया कोतवाल अर्जुन सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से भारी मात्रा में गांजा लेकर मुड़हुआ गांव के रास्ते वाराणसी की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुड़हुआ गांव के गेट के पास वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान दबोचा गया तस्कर
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को रोका, जिसके पास एक बोरे का बंडल था। तलाशी लेने पर बोरे के अंदर से 17.50 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आरोपी की पहचान और कबूलनामा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू कुमार, निवासी बैरागढ़ गांव, थाना चकरघट्टा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह काफी समय से गांजा तस्करी के धंधे में लिप्त है। उसने बताया कि यह गांजे की खेप बिहार से लेकर वाराणसी ले जा रहा था, जहां इसे बेचकर अच्छा मुनाफा कमाने की योजना थी।
4.50 लाख रुपये से अधिक की कीमत
कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग 4.50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में चकिया कोतवाल अर्जुन सिंह के साथ अमित कुमार मिश्रा, राकेश सिंह, प्रदीप सिंह, रविन्द्र कुमार और राकेश यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
ALSO READ – US-India Trade Deal: अमेरिका ने लिया यू-टर्न, भारत के लिए 18% Tariff पर सहमति