
US-India Trade Deal: कई महीनों की अनिश्चितता और बढ़ते व्यापारिक दबाव के बाद आखिरकार अमेरिका और भारत के बीच लंबे समय से लंबित व्यापार समझौता हो गया है। सोमवार रात इस समझौते की सीधी घोषणा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद की।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा, आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वह मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली व सम्मानित नेता हैं। उनकी दोस्ती और सम्मान के कारण, और उनके अनुरोध पर, अमेरिका और भारत के बीच तुरंत प्रभाव से व्यापार समझौते पर सहमति बनी है, जिसके तहत रेसिप्रोकल टैरिफ 25% से घटाकर 18% कर दिया गया है।”
भारतीय उत्पादों पर अमेरिकी टैरिफ 18% पर तय
समझौते के तहत अमेरिका ने भारत से आयात होने वाली वस्तुओं पर लगाया जाने वाला रेसिप्रोकल टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। इससे पहले यह टैरिफ काफी बढ़ा दिया गया था, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ गया था।
रूस से तेल खरीद पर लगाया गया अतिरिक्त शुल्क भी हटा
इस डील का एक अहम पहलू यह है कि अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर लगाया गया अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ भी हटा दिया है। यह अतिरिक्त शुल्क भारत द्वारा रूस से तेल खरीदने के कारण लगाया गया था।
अमेरिकी प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, भारत की ओर से रूस से तेल खरीद बंद करने पर सहमति जताए जाने के बाद यह अतिरिक्त टैरिफ समाप्त कर दिया गया है।
पुराने टैरिफ फैसले से अमेरिका ने किया यू-टर्न
यह समझौता अमेरिका के उस फैसले से पीछे हटने जैसा माना जा रहा है, जो अगस्त 2025 में लिया गया था। उस समय भारत से अमेरिका जाने वाले कई उत्पादों पर 50 प्रतिशत तक टैक्स बढ़ा दिया गया था। इससे इंजीनियरिंग उत्पाद, कपड़े, केमिकल और ऑटो पार्ट्स जैसे क्षेत्रों पर बुरा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी।
भारत अमेरिका से क्या-क्या खरीदेगा?
राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार, भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर से अधिक मूल्य के सामान खरीदेगा। इसमें
ऊर्जा
तकनीक
कृषि उत्पाद
कोयला
और अन्य औद्योगिक वस्तुएं
शामिल हैं। इसके साथ ही भारत ने अमेरिकी उत्पादों पर अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को धीरे-धीरे शून्य तक लाने की दिशा में काम करने का भरोसा भी दिया है।
पीएम मोदी ने जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऐतिहासिक समझौते का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि
“अब Made in India उत्पादों पर अमेरिका में केवल 18 प्रतिशत टैरिफ लगेगा। यह फैसला 1.4 अरब भारतीयों के लिए एक बेहद सकारात्मक और महत्वपूर्ण घोषणा है।”
विशेषज्ञों का मानना है कि यह व्यापार समझौता दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों को नई मजबूती देगा और भारतीय निर्यातकों के लिए अमेरिकी बाजार में बड़े अवसर खोल सकता है।
ALSO READ – राजनाथ–शाह ने जताई आपत्ति, स्पीकर ने रोका- राहुल बोले: डोकलाम विवाद बोलने नहीं दे रहे