
Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय में बुधवार को दिनदहाड़े एक करेंसी एक्सचेंज दुकान से सवा लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया। घटना के बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया, वहीं व्यापारियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी गई।
काउंटर से उठाकर ले गया बैग
मुगलसराय कस्बे में विश्वास जायसवाल की करेंसी एक्सचेंज की दुकान है। बुधवार सुबह दुकान खोलने के बाद उन्होंने रुपये से भरा बैग काउंटर पर रखा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ और मौका पाकर बैग उठाकर फरार हो गया।
शोर मचाया, लेकिन भाग निकला आरोपी
बैग चोरी होते देख दुकानदार ने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि संदिग्ध की पहचान सीसीटीवी के आधार पर की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस ने व्यापारियों को किया सतर्क
कोतवाल संतोष सिंह ने कहा कि काउंटर पर बिना सुरक्षा के बड़ी रकम रखना जोखिम भरा है। उन्होंने बताया कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए व्यापारियों को सतर्क किया जाएगा। इसके साथ ही विशेष अभियान चलाकर बिना सुरक्षा के नकदी रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
ALSO READ – NH सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम से भिड़े लोग, चंदौली में जमकर बवाल