
Chandauli News: चंदौली के जिला मुख्यालय पर बुधवार को नेशनल हाईवे की सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान भारी हंगामा हो गया। मझवार रेलवे स्टेशन के पास अवैध कब्जे हटाने पहुंची नगर पंचायत की टीम को स्थानीय लोगों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
कार्रवाई शुरू होते ही भड़का विरोध
नगर पंचायत कर्मियों के अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू करते ही वहां रह रहे डोम बिरादरी के लोग विरोध में उतर आए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बात धक्का-मुक्की व तीखी नोकझोंक तक पहुंच गई। नगर पंचायत कर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच तनावपूर्ण हालात पुलिस की मौजूदगी में ही बने रहे।
पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग
अतिक्रमणकारियों के उग्र रुख को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति संभालने के लिए सख्ती दिखाई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाया, जिसके बाद जाकर स्थिति नियंत्रण में आई और कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा सका।
जाम और हादसों से निपटने के लिए चला अभियान
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, रेलवे स्टेशन और नेशनल हाईवे के आसपास अवैध अतिक्रमण के कारण यातायात लगातार बाधित हो रहा था। आए दिन लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विरोध करने वालों पर कार्रवाई की तैयारी
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अतिक्रमण हटाने का विरोध करने वालों की पहचान कर ली गई है। पुलिस द्वारा उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की बाधा दोबारा उत्पन्न न हो।
ALSO READ – STF एनकाउंटर में ढेर हुआ कुख्यात 1 लाख इनामिया बनारसी यादव, मुंबई से रची गई थी वाराणसी के कालोनाइजर की हत्या