Chandauli News: साइबर ठगी में इस्तेमाल बैंक खाते बेचने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल चंदौली ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में प्रयुक्त बैंक खाते बेचने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित लोगों को लोन दिलाने और नया खाता खुलवाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते हासिल कर साइबर ठगों व ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े लोगों को बेचते थे।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम नामेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। उपनिरीक्षक कृपेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल टीम 5 फरवरी को म्यूल खाता सत्यापन के दौरान मुगलसराय कोयला मंडी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक फाइनेंस कंपनी के नाम पर पंपलेट बांटकर आसान लोन व बैंक खाता खुलवाने का प्रलोभन दे रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बजरंगबली मंदिर के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सुजीत कुमार पटेल उर्फ गुड्डू, सिकंदर राजभर और सुनील पटेल निवासी थाना लंका, जनपद वाराणसी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से 12 पासबुक, चार चेकबुक, सात एटीएम कार्ड, नौ सिम लिफाफे, दो सिम कार्ड, चार मोबाइल फोन, तीन पैन कार्ड, तीन आधार कार्ड, दो यूपीआई क्यूआर कोड तथा किर्ती फाइनेंस के प्रचार पंपलेट बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को बहला-फुसलाकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे और खातों से जुड़े एटीएम, सिम व दस्तावेज ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े लोगों को प्रति खाता 10 हजार रुपये में बेच देते थे। अब तक करीब 15 खाते बेचने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है।

ALSO READ – अग्नि-3 का सफल परीक्षण: भारत की न्यूक्लियर स्ट्राइक क्षमता और मजबूत, चीन-पाकिस्तान तक मार



Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *