पानी के विवाद में खूनी संघर्ष: लाठी-डंडों से हमला, चंदौली में पिता और दो बेटे लहूलुहान

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पीथापुर गांव में सोमवार सुबह मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सरकारी हैंडपंप से पानी लेने गए एक युवक पर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। युवक को बचाने पहुंचे उसके पिता और भाई पर भी हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

पीथापुर गांव निवासी नरसिंह बिंद के अनुसार, उनके घर पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान उनका 19 वर्षीय पुत्र अभिषेक बिंद पानी लेने के लिए पास के सरकारी हैंडपंप पर गया, जहां कुछ लोगों से कहासुनी के बाद उस पर अचानक हमला कर दिया गया।

अभिषेक की चीख-पुकार सुनकर पिता नरसिंह बिंद (55) और बड़ा भाई संतोष बिंद (25) मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गए।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घायलों को पहले सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इस संबंध में सकलडीहा कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली है। तहरीर प्राप्त होते ही आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ALSO READ – वाराणसी: दालमंडी बुलडोजर एक्शन के बीच पेट्रोल डालकर आत्मदाह की धमकी, मचा हड़कंप


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *