बाराबंकी की जनसभा में गरजे सीएम योगी- कानून तोड़ोगे तो जहन्नुम तय है

Spread the love & Share it

cm-yogi-barabanki-rally-babri-masjid-ram-mandir-statement

CM Yogi Barabanki Rally: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बाराबंकी जिले के दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र स्थित दुल्हदेपुर में बाबा हरिशंकर दास की कुटी पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों और संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार रुकने वाली नहीं है। यह सरकार जितना बोलती है, उतना करती है और उतना ही बोलती है, जितना करती है।

मुख्यमंत्री ने बाबरी मस्जिद के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जो लोग कयामत के दिन का सपना देख रहे हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि वह दिन आने वाला नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बाबरी मस्जिद अब कभी नहीं बनने वाली है। सीएम ने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बना, जबकि इससे पहले कई सरकारें, राजा-महाराजा आए और गए, लेकिन राम मंदिर नहीं बन सका। उन्होंने कहा, “राम सबके हैं।”

सीएम योगी ने अवसरवादी राजनीति करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग संकट के समय राम को याद करते हैं और शेष समय उन्हें भूल जाते हैं। ऐसे लोगों को अब भगवान राम ने भी भुला दिया है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि कयामत के लिए मत जियो, हिंदुस्तान में कायदे से रहना सीखो। कानून मानोगे तो फायदे में रहोगे, नहीं तो आगे का रास्ता सीधा जहन्नुम की ओर जाता है।

मुख्यमंत्री ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ को हर भारतवासी का ध्येय बताया और देश को विकसित एवं वैभवशाली बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर संत देश के लिए है और धर्म भी देश के लिए है। धर्म और देश आत्मा और शरीर की तरह हैं। भारत और सनातन एक-दूसरे के पूरक हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर करीब सवा दो बजे हुई, जब मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर कुटी परिसर के पास उतरा। महंत बलरामदास ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कथा मंडप का उद्घाटन किया और रामार्चा यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं। तत्पश्चात उन्होंने कुटी परिसर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया।

ALSO READ – जिला जेल के लिए जमीन अधिग्रहण पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, चंदौली डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *