डीडीयू जंक्शन पर बड़ा हादसा टला: कोयला लदी मालगाड़ी में उठने लगा धुआं, मची अफरा-तफरी

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जिले स्थित न्यू पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब डीएफसी लाइन पर खड़ी कोयला लदी मालगाड़ी के एक डिब्बे से अचानक धुआं उठने लगा। स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में इसे देखकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि रेलवे और फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

झारखंड से हरदुआगंज जा रही थी मालगाड़ी

रेलवे सूत्रों के अनुसार, मालगाड़ी झारखंड से कोयला लेकर हरदुआगंज जा रही थी। शुक्रवार दोपहर जब ट्रेन न्यू पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के पास डीएफसी लाइन पर पहुंची, तभी एक बोगी के भीतर से धुआं निकलता दिखाई दिया।

रेल कर्मचारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया।

फायर ब्रिगेड की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे की तकनीकी टीम ने प्रभावित डिब्बे को तुरंत डाउन यार्ड में पहुंचाया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बोगी में सुलग रही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

समय रहते आग बुझा लिए जाने से किसी तरह की जनहानि या बड़ी क्षति नहीं हुई।

आग बुझाने के बाद मालगाड़ी को उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। फिलहाल बोगी में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

ALSO READ – लिव-इन रिलेशन में लागू होगा दहेज कानून? सुप्रीम कोर्ट करेगा अहम फैसला, केंद्र व कर्नाटक सरकार को नोटिस


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *