
Varanasi News: वाराणसी में महाशिवरात्रि और पंचक्रोशी परिक्रमा के मद्देनज़र यातायात पुलिस ने व्यापक रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए शनिवार रात 12 बजे से रविवार को कार्यक्रम समाप्ति तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार पंचक्रोशी चौराहे से कज्जाकपुरा ओवरब्रिज तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। वहीं, जलालीपुरा रेलवे क्रॉसिंग की ओर से भी कज्जाकपुरा ओवरब्रिज पर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। मैदागिन से बुलानाला और गोदौलिया तक नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है।
श्री काशी विश्वनाथ धाम सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए शहर के भीतर अतिरिक्त डायवर्जन लागू किया गया है। एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि पिपलानी कटरा और कबीर मठ तिराहा से आवश्यकतानुसार वाहनों को मैदागिन की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। विशेश्वरगंज तिराहा से मैदागिन की ओर जाने वाले वाहनों को गोलगड्डा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
बेनियाबाग तिराहे से चार पहिया वाहनों को रामापुरा की ओर नहीं जाने दिया जाएगा और उन्हें बेनियाबाग पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। लक्सा तिराहा से रामापुरा की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को गुरुबाग और औरंगाबाद की तरफ भेजा जाएगा। दो पहिया वाहनों की पार्किंग पीडीआर मॉल में कराई जाएगी। रेवड़ी तालाब और सोनारपुरा तिराहा से भी चार पहिया वाहनों को रामापुरा की ओर जाने से रोका जाएगा।
अमर उजाला तिराहा और लहुराबीर चौराहा से मालवाहक और बड़े चार पहिया वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। लहुराबीर चौराहे से मैदागिन और बेनियाबाग की ओर चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गोलगड्डा तिराहे से विशेश्वरगंज की ओर तथा गुरुबाग तिराहे से बाहरी जनपद के चार पहिया वाहनों को लक्सा की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ब्रॉडवे तिराहे से अग्रवाल तिराहा, सोनारपुरा और गोदौलिया की दिशा में भी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
शहर के अंदर पार्किंग व्यवस्था
यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में अस्थायी और नियमित पार्किंग स्थल चिह्नित किए हैं। एंग्लो-बंगाली इंटर कॉलेज परिसर और उसकी बाउंड्री के पास, खोजवा रोड (चार पहिया-100), द्वारिकाधीश मंदिर शंकुलधारा पोखरा के पास (दो पहिया-200, चार पहिया-200), पीडीआर पार्किंग थाना लक्सा, गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग, बेनियाबाग पार्किंग, जय नारायण इंटर कॉलेज मैदान, सीएचएस स्कूल मैदान, कमच्छा और खोजवा रोड किनारे पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
अस्सी और ब्रॉडवे क्षेत्र में ब्रॉडवे से रविंद्रपुरी कॉलोनी के सामने सड़क के दोनों ओर पार्किंग होगी। वीआईपी पार्किंग रविदास पार्क (दो पहिया-200, चार पहिया-200), सनातन धर्म इंटर कॉलेज मैदान (दो पहिया-200) और टाउनहॉल मैदान में बनाई गई है।
लहुराबीर क्षेत्र में हरिश्चंद्र कॉलेज के सामने बाईं ओर, शव वाहनों के लिए हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के सामने विशेष व्यवस्था की गई है। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय वीसी कार्यालय गेट के पास, राजकीय आईटीआई कॉलेज वीसी आवास के पास, क्वींस इंटर कॉलेज मैदान, चित्रकूट रामलीला मैदान और लकड़मंडी (आयुर्वेदिक अस्पताल के सामने) में भी पार्किंग की सुविधा रहेगी। यहां चार पहिया वाहनों के लिए 200 तथा वीवीआईपी चार पहिया वाहनों के लिए 50 वाहनों की क्षमता निर्धारित की गई है।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तथा यातायात कर्मियों का सहयोग करें, ताकि पर्व के दौरान व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
ALSO READ – साइबर अपराध पर चंदौली पुलिस का डिजिटल स्ट्राइक: 86.71% स्कोर के साथ यूपी में नंबर-1